श्रीनगर। अमर उजाला की ओर से आयोजित उत्तराखंड उदय महोत्सव के तहत देहलचौंरी में स्वच्छता एवं जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्टॉप टीयर्स समाजसेवी संस्था के कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान के तहत बाजार क्षेत्र में दुकान स्वामियों व शैक्षणिक संस्थानों को कूड़ेदान वितरित किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में सफाई अभियान भी चलाया। कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्र सहित आस पास के इलाकों में फैले कूड़े को बोरों में भर कर उसका उचित निस्तारण किया गया। संस्था के संस्थापक प्रमोद बमराड़ा ने कहा कि स्वच्छता सरकार की नहीं बल्कि हम सब की जिम्मेदारी के साथ ही जरूरत भी है। स्वच्छता अभियान में हम सब को अपना सहयोग देना होगा। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में ग्राम प्रधान सुनीता चौहान ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए संस्था से हर माह सफाई अभियान चलाने की अपील की। प्रधान ने कहा कि शीघ्र ही कूड़ा निस्तारण के लिए एक निश्चित जगह का चयन किया जाएगा। कार्यक्रम में कैवल्या जखमोला, ललित सकलानी, सौम्य पंत, वैशाली पंत, मेघा चमोली, अक्षय बमराड़ा, गौरव पंवार, विमलेश असवाल, विरेंद्र बिष्ट, राधाकृष्ण, भरत सिंह व धीरेंद्र चौहान सहित जीआईसी देलचौरी के छात्र शामिल थे। ब्यूरो