श्रीनगर। प्रगतिशील जन मंच (प्रजमं) ने 2 नवंबर को बैकुंठ चतुर्दशी मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री का विरोध करने की चेतावनी दी है। प्रगतिशील जन मंच के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि प्रजम अपनी तीन सूत्रीय मांगों के लिए 134 दिन से आंदोलनरत है। विकास के नाम पर सरकार की ओर से की जा रही पहाड़ की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर बैकुंठ चतुर्दशी मेले में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भारी विरोध किया जाएगा। साथ ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत को झूठे आश्वासनों और कोरी घोषणाओं पर विराम लगाने और धरातल पर कार्य करने की नसीहत दी जाएगी। प्रजमं ने चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे संयुक्त अस्पताल श्रीनगर से जिला अस्पताल गोपेश्वर में की गई एक सर्जन की व्यवस्था पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। प्रजम ने इसके विरोध में स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को ज्ञापन भेज व्यवस्था को खत्म करने की मांग की है। साथ ही चिकित्सकों के तबादलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव की भूमिका की जांच की मांग की है। इस मौके पर गायत्री थपलियाल, विमला कोठियाल, सुनीता पंवार, शकुंतला कगडियाल, देवेश्वरी बिष्ट, लक्ष्मी गुप्ता, बुद्धि रांगड़, विमला तिवाड़ी, सुधा तिवाड़ी, गिन्नी सेमवाल, आर एस शुक्ता आदि धरने पर बैठे रहे।