थराली। तहसील के ग्वालदम में वन विश्राम गृह के पास प्राकृतिक झील के समीप वाली भूमि पर बीआरओ की ओर से डंपयार्ड बनाने का लोगों ने विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि यहां डंपयार्ड बनाने से झील सूख के साथ ही आसपास देवदार के पेड़ों को खतरा हो सकता है। ग्राम प्रधान मीनू टम्टा, दयाल टम्टा, पवन गुलाब सिंह रावत, भाजपा के मंडल महामंत्री कुंदन परिहार, दयाल मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणों ने डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि बीआरओ की ओर से कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है, जिसका डंपयार्ड ग्वालदम के वन विश्राम गृह के पास प्राकृतिक झील और देवदार के जंगल में बनाया गया है। ग्रामीणों ने डंपयार्ड को अन्यत्र बनाने की मांग की। दूसरी ओर बीआरओ के कमान अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि वन विभाग की ओर से आवंटित भूमि पर ही डंपयार्ड बनाया गया है।