श्रीनगर। शहर में स्थानीय निवासियों और गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर के छात्रों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। उनका आरोप है कि चालान प्रक्रिया के दौरान महिला पुलिसकर्मी अभद्रता करती हैं। शहर क्षेत्र के व्यस्ततम चौराहे पौड़ी बस अड्डे पर पुलिस की ओर से की जा रही चालान प्रक्रिया की वजह से यहां पर जाम लग जाता है। इस संबंध में जब पुलिस अधिकारियों से बात की जाती है तो उनकी कोई सुनवाई नहीं होती है। उनका आरोप है कि एक महिला पुलिसकर्मी वरिष्ठ नागरिकों के साथ अभद्रता करती हैं, जिसकी शिकायत कोतवाल से भी की गई है। पुलिस के व्यवहार से शहर वासियों और गढ़वाल विवि के छात्रों में आक्रोश पनप रहा है। बिड़ला परिसर छात्र संघ सचिव देवकांत देवराड़ी, पूर्व छात्रसंघ सचिव ऋतांशु कंडारी, जय हो ग्रुप के संयोजक शिवकांत कंडारी ने कहा कि पुलिस कर्मियों ने व्यवहार में परिवर्तन नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। एसएसपी जेआर जोशी ने कहा कि पौड़ी बस अड्डे के बजाय अन्यत्र स्थान पर चालान करने के लिए कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया जाएगा। अभद्रता मामले में उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोतवाल से जानकारी ली जाएगी।