अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के तहत घर-घर से कूड़ा एकत्रीकरण तथा निस्तारण के लिए अनुबंधित कंपनी केआरएल के सामने नगर निगम प्रशासन बेबस बना हुआ है।
शहर में जगह-जगह कूड़े कचरे का ढेर दिन भर लगा रहता है। त्योहारों के समय नगर निगम की विशेष सफाई व्यवस्था की भी केआरएल हवा निकालने में लगा हुआ है। कूड़ा समय पर न उठाने पर कार्रवाई करने की मेयर की चेतावनी का भी उस पर कोई असर नहीं हुआ है। कबाड़ी कूड़ेदानों में भरे कचरे को बाहर निकालकर सड़क पर फैला कर उसकी छंटाई करते रहते हैं। दिन भर लोग गंदगी मेें रहने को मजबूर हैं। मेयर मनोज गर्ग व नगर आयुक्त भी कई बार केआरएल को उसकी इस हरकत के लिए हिदायत दे चुके हैं, परंतु कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। मेयर मनोज गर्ग की ओर से दिवाली के अवसर पर विशेष सफाई व्यवस्था कराने के लिए आयोजित बैठक में भी सफाई हवलदारों व सेनेटरी इंस्पेक्टरों ने केआरएल पर कूड़ा समय पर नहीं उठाने की शिकायत की थी। नया हरिद्वार में पानी की टंकी के पास सड़क पर, तुलसी चौक, रानीपुर मोड एलआइसी मुख्यालय के बाहर, गीत गोविंद के पास, ब्रह्मपुरी आदि व्यस्त कूड़ा स्थानों पर नगर निगम के कूड़ेदानों के बाहर कूड़ा कचरा दिन भर फैला पड़ा रहता है। नगर निगम अधिकारियों द्वारा बार-बार हिदायत देने के बाद भी केआरएल ने कूड़ा निस्तारण की अपनी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया है।