अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
श्री चेतन ज्योति आश्रम के विद्यार्थियों ने पंतद्वीप गंगा घाट पर सफाई अभियान चलाया। महंत शिवम महाराज ने विद्यार्थियों के साथ मिल कर गंगा घाटों पर फैली गंदगी को साफ करते हुए गंगा स्वच्छता के नारे लगाए। इस अवसर पर महंत शिवम महाराज ने कहा कि गंगा बंदी के दौरान जगह-जगह गंगा घाटों पर व्याप्त रूप से गंदगी पसरी हुई है। सबको मिलकर गंगा घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सहभागिता निभानी चाहिए। महंत शिवम महाराज ने कहा कि गंगा हमारी आस्था की पहचान है। संत समाज भी लगातार गंगा को लेकर जनजागरूकता करता चला आ रहा है। लाखों गंगा भक्त हरिद्वार धर्मनगरी में मां गंगा का आचमन करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में हमारा कर्तव्य बनता है कि गंगा को निर्मल स्वच्छ बनाए रखें। चेतन ज्योति आश्रम के विद्यार्थियों ने घंटों पंतद्वीप गंगा घाट पर सफाई अभियान चलाते हुए हाथों में तख्ती बैनर लेकर मां गंगा के नारे लगाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर गंगाधर तुलसी, वेणी प्रसाद ने कहा कि गंगाबंदी तक लगातार सफाई अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यात्री श्रद्धालुओं को भी गंगा के प्रति जागरूक करना चाहिए। गंगा सफाई अभियान में प्रतिभाग लेने वालों में श्रवण, वेणी प्रसाद, गंगाधर तुलसी, आर्यन, सर्वेश तिवारी, शिव मंगल, धीरेंद्र, राजीव पांडे, जय शंकर पांडे सहित कई विद्यार्थियों ने गंगा सफाई अभियान में भाग लिया।