गोपेश्वर। विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य में क्षेत्र के कुछ लोगों की ओर से किए जा रहे विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग टीएचडीएम ने की। टीएचडीसी के अधिकारियों ने कहा कि परियोजना का निर्माण सामाजिक व पर्यावरण पहलुओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। 29 सितंबर से हरसारी गांव निवासी तारेंद्र जोशी और गोविंद प्रसाद पोखरियाल की ओर से अपने हक-हकूकों को लेकर विद्युत गृह क्षेत्र में परियोजना निर्माण कार्य रुकवाया गया है, जिससे टीएचडीसी को प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। टीएचडीसी के उपमहाप्रबंधक (सामाजिक) पीके नैथानी का कहना है कि परियोजना का प्रयास है कि परियोजना से संबंधित न्याय संगत समस्याओं का निवारण आपसी वार्ता से हो, लेकिन कुछ लोगों की ओर से परियोजना पर अनुचित दबाव बनाने के उद्देश्य से कार्य में बाधा पहुंचाई जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग उठाई है।