फोटो फाइल नेम-
सूखे पेड़ बन सकते हैं राहगीरों के लिए खतरा
-- देश-दुनिया के सैलानियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं महकमे
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
देश-दुनिया के सैलानियों की आवाजाही वाले तीर्थनगरी के प्रमुख तीर्थक्षेत्र स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला में मुख्य मार्ग के किनारे खड़े सूखे पेड़ कभी भी राहगीरों के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। पेड़ों की स्थिति यह है कि आंधी तूफान में भी यह कभी भी गिर सकते हैं। बावजूद इसके नगर पंचायत प्रशासन व राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन तीर्थाटकों, पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर लापरवाह बने बैठे हैं। सूखे पेड़ों को हटाने में समय रहते कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं। तीर्थक्षेत्र लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम में देश-विदेश से पर्यटकों, तीर्थाटकों का आवागमन हर समय बना रहता है। मार्ग पर कई ऐसे सूखे पेड़ खड़े हैं, जो कभी भी राहगीरों की जान के लिए जोखिम साबित हो सकते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सत्यपाल सिंह राणा ने बताया कि स्थानीय लोग कई दफा जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों से मार्ग के किनारे खड़े सूखे पेड़ों को हटाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन जिम्मेदार समस्या का स्वयं संज्ञान लेना तो दूर शिकायत के बावजूद कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं।