सांसद के प्रयास से स्वेदश लौटा युवक
-- एक कंपनी के माध्यम से सऊदी अरब गया था रुद्रप्रयाग का लाभ सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
विदेश में नौकरी कर धन कमाने की इच्छा से सऊदी अरब गया रुद्रप्रयाग का युवक फंस गया। हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक की मदद से वह स्वेदश लौटा है। जानकारी के अनुसार लाभ सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गडोरा पोस्ट रतूडा जिला रुद्रप्रयाग अप्रैल महीने में नई दिल्ली की एक कंपनी के माध्यम से सऊदी अरब गया था। कंपनी ने जिस काम के बारे में उन्हें बताया था, उसके स्थान पर कुछ और ही काम उनसे करवाना शुरू कर दिया। परेशान होकर लाभ सिंह ने स्वदेश लौटने की इच्छा जताई तो उनके साथ अमानवीय व्यवहार होने लगा। वापसी करने की बात कहने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाना लगा। पीड़ित लाभ सिंह ने हरिद्वार सांसद कार्यालय प्रभारी डा. राजेश कुंवर के फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को आप बीती सुनाई। सांसद निशंक ने इस मामले में 21 जुलाई को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को मामले से अवगत कराया। विदेश मंत्रालय के हरकत में आने पर कार्रवाई हुई। कंपनी की ओर से जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लाभ सिंह को भारत भेज दिया गया है। सांसद प्रतिनिधि मीडिया रविंद्र बैलवाल ने पत्रकारों को बताया कि लाभ सिंह ने सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का धन्यवाद किया है। सांसद निशंक के प्रयासों से ही लाभ सिंह की घर वापसी हो पाई है।