ड्रेस कोड पर छात्रसंघ और विद्यार्थी हुए दो फाड़
-- ऑटोनामस कॉलेज की छात्र-छात्राएं यूनिफार्म को लेकर अड़े
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
सूबे के राजकीय पीजी ऑटोनामस कॉलेज में ड्रेस कोड लागू करने को लेकर छात्रसंघ और छात्र-छात्राओं में आपस में ही ठन गई है। महाविद्यालय के अधिकांश विद्यार्थी कॉलेज में यूनिफार्म लागू करने के पक्ष में है। उनका कहना है कि छात्रसंघ यूनिफार्म का विरोध कर रहा है। जबकि उन्हें यूनिफार्म लागू करने को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर स्वायत्तशासी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और छात्रसंघ पदाधिकारियों के बीच महाविद्यालय में ड्रेस कोड लागू करने को लेकर नोकझोंक हो गई। इस दौरान कई छात्राएं ड्रेस लागू करने को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों से भिड़ गई। साथ ही उन्होंने यूनिफार्म लागू करने की वकालत की। कहा कि कॉलेज में हर हाल में ड्रेस कोड लागू होना चाहिए। हालांकि, कुछ छात्र-छात्राएं खुले तौर पर नहीं, बल्कि दबी जुबान से यूनिफार्म का विरोध करते हुए भी दिखे। छात्रा संघ पदाधिकारियों का कहना था कि विद्यार्थी ड्रेस कोड के पक्ष में नहीं हैं। जबकि महाविद्यालय में शुक्रवार को नजारा इसके ठीक उलट दिखा। दूसरी ओर कॉलेज प्रशासन भी ड्रेस कोड लागू करने को लेकर सख्त मूड में है। उन्होंने छात्रसंघ पदाधिकारियों से यूनिफार्म का विरोध करने की बजाए छात्र-छात्राओं को इसके लिए प्रेरित करने के लिए कहा है।