बदरीनाथ। देश के अंतिम गांव माणा से बदरीनाथ के क्षेत्रपाल घंटाकर्ण जी महाराज भक्तों के साथ शुक्रवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे और भगवान बदरीनाथ को माता मूर्ति मंदिर में आने का न्योता दिया। बदरीनाथ मंदिर प्रांगण में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल व अन्य आचार्यगणों ने घंटाकर्ण महाराज का फूल-मालाओं से स्वागत किया। शनिवार को बदरीनाथ में नारद जयंती मनाई जाएगी और तीन को माता मूर्ति मेले का आयोजन होगा। भगवान बदरीनाथ की माता का नाम माता मूर्ति है और प्रतिवर्ष बदरीनाथ जी बामन द्वादशी को अपनी माता से मिलने माता मूर्ति मंदिर जाते हैं। इस दिन बदरीनाथ धाम के कपाट सुबह बंद हो जाएंगे और बदरीनाथ की सभी पूजाएं माता मूर्ति मंदिर में होंगी। बदरीनाथ के लौटने के बाद धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे।