बैंक खाते में वापस आए 40 हजार
-- बीआरओ कर्मचारी चार माह पहले हुआ था ठगी का शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
साइबर ठगी के शिकार बॉर्डर रोड आर्गेनाइजेशन बीआरओ के एक कर्मचारी के बैंक खाते से उड़ाई गई 50 हजार रुपये की रकम में से 40 हजार रुपये करीब पांच महीने बाद उसके खाते में वापस आ गए। बीआरओ के अधिकारियों ने इस मामले में पुलिस की तत्पर कार्रवाई की सराहना की है। कोतवाल प्रवीण चंद कोश्यारी ने बताया कि बीते 4 अप्रैल को रेलवे रोड स्थित बीआरओ कैंप में तैनात कर्मचारी सतेंद्र कुमार के बैंक खाते से अज्ञात युवक ने मोबाइल फोन पर एटीएम कार्ड के पासवर्ड की जानकारी लेकर 50 हजार रुपये उड़ा दिए थे। जिसकी शिकायत सतेंद्र ने कोतवाली पुलिस से की थी। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि उक्त रकम में से 40 हजार रुपये एम पैसा कंपनी और 10 हजार रुपये एयरटेल मनी एकाउंट में ट्रांसफर किए गए। जिस पर पुलिस ने एम पैसा कंपनी के खाते को बैंक प्रबंधन की मदद से सीज करा दिया और इसके बाद कंपनी के खाते से 40 हजार रुपये सतेंद्र के खाते में रिफंड कराए गए। बृहस्पतिवार को खाते में पैसा आने की सूचना सतेंद्र ने पुलिस को दी। इस बाबत बीआरओ के अधिकारियों को जानकारी मिलने पर उन्होंने कोतवाली पुलिस की कार्रवाई को सराहा।