श्रीनगर। ठेकेदार संगठन और बेरोजगार युवाओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज छोटी निविदाओं को कंपनी एक्ट पार्टनरशिप में शामिल करने की मांग की है। कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतर युवा पढ़े-लिखे हैं। नौकरी न मिलने पर युवाओं की रोजी-रोटी छोटी-छोटी ठेकेदारी पर निर्भर है। सरकार ने नए नियम बनाकर इन छोटे ठेकेदारों को बेरोजगार कर दिया है। कहा कि प्रदेश में अन्य राज्यों से ठेकेदारी करने आई कंपनियां उच्चाधिकारियों के साथ मिलकर मानकों को ताक पर रखकर कार्य कर रही है। इससे कार्य की गुणवत्ता में कमी आने के साथ ही राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। संगठन ने व्यवस्था में सुधार न किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में भूपाल सिंह चौधरी, विजय रावत, राहुल राणा, कल्पेश्वर चौधरी, अक्षय नैथानी, राजेश ध्यानी, अनुराग चमोली, मानव बिष्ट, मनीष धनाई, राजेश पुरी, निर्मल घिल्डियाल आदि शामिल थे।