श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर छात्र संघ चुनाव में मतदान के लिए 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जबकि मतगणना के लिए 7 टेबल निर्धारित की गई हैं।
बिड़ला परिसर में 1 सितंबर को मतदान प्रक्रिया संपन्न होनी है। विवि की चुनाव समिति ने इसके लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर दी है। विवि के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. आरसी डिमरी ने बताया कि बिड़ला परिसर में मतदान के लिए 14 केंद्र बनाए गए हैं। हालांकि अभी तक विवि में प्रवेश प्रक्रिया पूरी न होने के कारण मतदाताओं की संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है। चुनाव समिति ने पिछले चुनाव की मतदाता संख्या को देखते मतदान केंद्रों का निर्धारण किया है। पिछले छात्र संघ चुनाव में करीब 7 हजार मतदाता थे। जिनमें से करीब 5 हजार मतदाताओं ने मतदान किया था।