कर्णप्रयाग। क्षेत्र के पौराणिक शिव मंदिरों में हो रहे धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पौराणिक सिद्धपीठ सिलंगी महादेव मंदिर में आयोजित शिव महा पुराण के नौवें दिन कथा व्यास आचार्य गजेंद्र प्रसाद कोठियाल ने कहा कि भगवान भोलेनाथ ने असंख्यों बार त्रिभुवन के कल्याण के लिए असुरी शक्तियों का संहार किया है। उन्होंने कहा कि शिव और शक्ति की उपासना से मानव को सद्गति मिलती है। इस मौके पर पंडित मनोज कोठियाल, अंकित कोठियाल, आयोजक समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह पंवार, सचिव सुरेंद्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष शिवराज सिंह सहित सिलंगी, कांचुला, धल, स्वर्का और मैखुरा आदि गांवों के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य अर्जित किया। वहीं सिद्धपीठ टटेश्वर महादेव मंदिर डिम्मर में महारुद्राभिषेक पाठ में आचार्य गणेश चंद्र खंडूड़ी और मंदिर के महंत योगेशानंद महाराज ने पंचद्रव्यों से शिव का महाभिषेक किया। कर्णप्रयाग के पौराणिक सांकरी सेरा शिव मंदिर में आयोजित रामचरित मानस पाठ यज्ञ पूर्ण आहुतियों और विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया है। इस दौरान कर्णप्रयाग, पाडली, रिठोली, बनाणी, जाख आदि गांवों के श्रद्वालुओं ने प्रतिभाग कर पुण्य अर्जित किया।