आधे घंटे बारिश से मौसम हुआ खुशगवार
-- सड़कों पर पानी जमा होने से जलभराव से आफत
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। शहर में दिनभर उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बृहस्पतिवार शाम हुई झमाझम बारिश से राहत मिली। हालांकि महज आधा घंटे की बारिश से एक बार फिर शहर भर में सड़कों पर जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को दोपहर तक उमस से परेशान लोगों ने शाम के वक्त हुई झमाझम बारिश से काफी राहत महसूस की। बारिश से पारे में गिरावट आने से मौसम खुशगवार हो गया। दूसरी ओर सड़कों पर जलभराव से वाहनों और पैदल राहगीरों को फजीहत झेलनी पड़ी। हरिद्वार रोड पर पुरानी चुंगी और कोयलघाटी के पास पानी जाम होने से लोगों को आवागमन में ज्यादा दिक्कतें पेश आई। वहीं, बरसात में लगातार सामने आ रही जलभराव की समस्या ने नगर पालिका की प्रशासन की नालियों की सफाई व निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है।