कर्णप्रयाग/नारायणबगड़/थराली। शुक्रवार रात को हुई तेज बारिश से कर्णप्रयाग-ग्वालदम मार्ग चार घंटे बंद रहा, जबकि थराली-देवाल मार्ग भी कई जगह बंद रहा।
शुक्रवार रात को हुई तेज बारिश से कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग पर नौली और गंगानगर में मलबा आ गया, जिससे मार्ग सुबह 5 बजे वाहनों के लिए बंद हो गया। बाद में बीआरओ के कर्मियों ने मलबा हटाकर सुबह नौ बजे यातायात सुचारु कराया। दूसरी ओर बारिश से थराली-देवाल मोटर मार्ग ऊणी में बंद हो गया। यहां भारी मात्रा में चट्टान टूटने से मलबा आ गया था। लोनिवि ने सुबह आठ बजे मलबा हटाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं सुनगाड़ पुलिया, बंदर ढौन, सौगांव में निर्माणाधीन जूनीधार मोटर मार्ग का मलबा आने से सड़क दलदल में तब्दील हो गई। नंदकेशरी के पास कोठी में चट्टान टूटने से भी मार्ग कुछ देर के लिए बंद रहा। ग्वालदम से लगे चिड़िगा, जौला, बुड़जौला, सरकोट आदि गांवों में भी बारिश से गदेरे उफान पर रहे। ग्रामीण बलवंत राम, मोहन मिश्रा, खिमानंद, विनोद कुमार आदि का कहना है कि बारिश से ग्वाई गदेरा उफान पर रहा, जिससे पैदल आवागमन बंद रहा। यहां पुलिया नहीं होने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।