गैरसैंण/देवाल। दो दिन से हो रही भारी बारिश से जूनियर स्कूल झूमाखेत गैरसैंण का एक हिस्सा मलबे में दब गया। ग्राम प्रधान कमला देवी ने तहसील प्रशासन को भेजे पत्र में बताया कि स्कूल के ऊपर से गुजर रही निर्माणाधीन कंडारीखोड़ की सड़क का मलबा सीधे गांव की ओर आ रहा है। मंगलवार रात को हुई बारिश से गांव के जूनियर स्कूल का एक हिस्सा मलबे में दब गया। ग्राम प्रधान ने प्रशासन से मामले में कार्रवाई करने की मांग की। वहीं दूसरी ओर देवाल ब्लाक के उलंग्रा गांव में भूस्खलन से ग्रामीण रणजीत सिंह का मकान खतरे की जद में आ गया है। रणजीत ने मामले की शिकायत तहसील प्रशासन से की।