झिंझौंणी के युवक की मौत मामले में मृतक की पत्नी के बयान दर्ज
नारायणबगड़ (ब्यूरो)। घटना के एक सप्ताह बाद भी राजस्व पुलिस झिंझौंणी के युवक सुभाष की मौत की गुत्थी नहीं सुलझा पाई है। शनिवार को पुलिस ने युवक की पत्नी के बयान मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज किए हैं। झिंझौंणी गांव निवासी सुभाष दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। दस जून को वह दिल्ली से गांव पहुंचा था। उसी रात संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुभाष के शरीर पर चोटों के निशान थे। सुभाष के ससुर महिपाल सिंह ने मृतक सुुभाष के पिता रेेेवत सिंह, मां राजुली देवी, बहनोई इंद्र सिंह और भाभी बबीता पर हत्या की आशंका जताते हुए 13 जून को राजस्व पुलिस में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मृतक के ससुराल ग्वाड़ गांव के ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस से निष्पक्ष जांच करते हुए मौत के कारणों का खुलासा करने की मांग की है। मामले की जांच कर रहे राजस्व उपनिरीक्षक पंकज सजवाण ने बताया कि शनिवार को मृतक की पत्नी के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किए गए हैं।