उत्तराखंड ने मेघालय को नौ विकेट से हराया
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। बीसीसीआई की महिला अंडर-19 वन-डे लीग एंड नॉकआउट प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने मेघालय को नौ विकेट से हराकर पूरे चार अंक हासिल किए।
बृहस्पतिवार को सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के ग्राउंड पर टीम उत्तराखंड का मुकाबला मेघालय के साथ हुआ। उत्तराखंड ने टॉस जीतकर मेघालय को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले खेलने उतरी मेघालय की टीम को निशा मिश्रा ने तीसरे ओवर में पहला झटका हजोंग के रूप में दिया। हालांकि इसके बाद टीम की कोई भी खिलाड़ी टिककर नहीं खेल सकी। कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार करने में नाकाम रही। पूरी टीम ने मिलकर केवल 57 रन जोड़े। इसमें 28 रन अतिरिक्त बने। उधर, उत्तराखंड की ओर से डिंपल कंडारी ने चार, निशा मिश्रा ने तीन व पूजा, राधा और रुचि ने एक-एक विकेट अपने नाम किए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की टीम ने मैच को शेष नौ विकेट रहते जीत लिया। सलामी बल्लेबाज कंचन ने 31 व ज्योति गिरि ने 19 नाबाद रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।