ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्रबंधन से वार्ता में सहमति बनने के बाद रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने 17 अक्तूबर को प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि प्रबंध निदेशक बीके संत से हुई वार्ता में डीए दो प्रतिशत बढ़ाने, दीपावली से पहले सितंबर का वेतन, वर्दी का 100 रुपये प्रति माह वेतन के साथ देने समेत आठ सूत्री मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद बुधवार से प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। वार्ता में रोडवेज महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन, वित्त नियंत्रक पंकज तिवारी, कार्यवाहक अध्यक्ष उदयवीर सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री केपी सिंह, प्रदेश प्रवक्ता विपिन कुमार आदि शामिल रहे।