सांत्वना देने आए दामाद का निधन
चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। दिचली जगड़गांव में हुई सड़क दुर्घटना में मृत कृपाल सिंह के परिजनों को सांत्वना देने जयपुर से आए उनके दामाद की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक कृपाल सिंह की बीते सोमवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनके निधन की खबर मिलने के बाद जयपुर से उनकी बेटी बनीता रावत और उसका पति सुनील रावत पुत्र जोधसिंह रावत बीते दिवस दिचड़ी जगड़गांव पहुंचे थे। बुधवार सुबह सात बजे सुनील ने सीने में अचानक तेज दर्द की शिकायत की। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी कि हालत ज्यादा नाजुक होने से उन्होंने दम तोड़ दिया। पति की मौत पर बनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। बनीता ने जहां वाहन दुर्घटना में पिता को खोया, वहीं आज पति से भी हमेशा के लिए बिछुड़ गई। ब्यूरो