- तृतीय द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। तृतीय द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट में 13 गढ़वाल राइफल्स ने प्रेरणा एफसी को 3-1 से हराकर जीत से आगाज किया। दूसरे मैच में 6 बिहार रेजिमेंट ने स्पोर्ट्स स्ट्राइव को 2-0 के स्कोर से हराकर जीत हासिल की। पवेलियन मैदान में शनिवार से शुरू हुए टूर्नामेंट का मुख्य अतिथि रामकृष्ण मिशन आश्रम के अध्यक्ष स्वामी असीमात्मानंद महाराज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उद्घाटन किया। पहला मैच 13 गढ़वाल राइफल्स व प्रेरणा एफसी के बीच खेला गया। खेल के 11वें मिनट में 13 गढ़वाल राइफल्स के फॉरवर्ड अभिषेक ने गोल दागकर टीम का खाता खोला। 62वें मिनट में 13 गढ़वाल राइफल्स के लेफ्ट आउट विकास ने विपक्षी डी के बाहर से शानदार गोल दाग बढ़त को 2-0 कर दिया। 68वें मिनट में प्रेरणा एफसी के फॉरवर्ड आयुष ने गोल करते हुए स्कोर 2-1 कर दिया। 74वें मिनट में एक बार फिर अभिषेक ने गोल दाग 13 गढ़वाल राइफल्स को 3-1 से जीत दिला दिलाई। गढ़वाल राइफल्स के मुकेश बिष्ट को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मैच स्पोर्ट्स स्ट्राइव व 6 बिहार रेजिमेंट के बीच खेला गया। बिहार रेजिमेंट के खिलाड़ियों ने तालमेल के साथ खेलते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाया। 24वें मिनट में बिहार रेजिमेंट के फॉरवर्ड दीपक ने गोल दाग टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद भी टीम का दबदबा रहा। 74वें मिनट में बिरसा पूर्ती ने गोल करते हुए बिहार रेजिमेंट को 2-0 से जीत दिलाई। बिरसा पूर्ती को मैन ऑफ द मैच चुना गया।