ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर दूसरे दिन भी सोशल मीडिया में श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। सुबह से शाम तक लोगों ने बड़ी संख्या में उनसे जुड़े चित्र, फोटो, कोट्स, कविताएं और संस्मरण साझा किए। फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर समेत अन्य सोशल साइटों और एप्स पर दिनभर उन्हें श्रद्धांजलि देने का क्रम चलता रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने उनसे जुड़ी पुरानी घटनाएं, खबरें और वीडियो भी साझा किए।
--
फेसबुक से
इंसानों के बीच से वह देवतुल्य महामानव जा रहा है
हवाओं रास्ता दो, मेरा विश्व रत्न, गणनायक जा रहा है
-अरुण सती
मैंने धरती पर देखे हैं अल्लाह और राम
एक थे अटल और दूसरे कलाम...
-देवेंद्र बिष्ट
अटल थे तुम अटल रहे
जो मर के भी सफल रहे
मृत्यु तेरी आस में
लगाए कब से घात थी
मगर अटल से जीतना
न उसके बस की बात थी
-पंकज देवराड़ी
काल के कपाल पर लिखने-मिटाने वाला चला गया
इस आकाश में तारे तो सैकड़ों हैं मगर सूरज चला गया
-एनके गुसाईं
स्वर्ग के देवता भी आज आनंदित होंगे
-एक महामानव आज धरा छोड़ स्वर्ग की शोभा बढ़ाने जा रहे हैं
सुरेंद्र सिंह
--
व्हाट्स एप से
सावन में अटल चला गया
तिरंगा लहराने को रुका था
तिरंगा झुकाकर चला गया
-संजीव भंडारी
यमराज आए थे लेने 15 अगस्त को
कहा अब चल अटल समय हो गया
अटल जी ने कहा जरा बाहर टहल
अगर मैं आज चला तो होगा अनर्थ
आज ध्वज तिरंगा लहराने दे
स्वतंत्रता दिवस मनाने दे
अटल है मेरा वादा तुझ से
आज नहीं हम कल चल देंगे
कल चलने से ना तो तेरा काम रुकेगा
ना आजादी के मौके पर तिरंगा झंडा झुकेगा।
-नवीन पांडेय
अटल जब आप पैदा हुए
जग हंसा आप रोये
ऐसी करनी कर चले
आप हंसे जग रोये
-मोहन सिंह रावत