- 31 जनवरी को 19 और एक फरवरी को 70 केंद्रों पर होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की ओर से होने वाली भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्रदेश के 89 शिक्षण संस्थानों के 11,631 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा देने के लिए पंजीकरण कराया है, जो राज्य में भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित इस परीक्षा में एक रिकार्ड सहभागिता है। राष्ट्रीय परीक्षा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के प्रांत अध्यक्ष प्रो. डॉ. जगमोहन सिंह राणा और उच्च शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक प्रो. आनंद सिंह उनियाल के मार्गदर्शन से आयोजित की जा रही हे। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की प्रांत मंत्री डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान ने बताया कि इस परीक्षा के लिए विभिन्न जिलों के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्रों में उत्साहजनक सहभागिता देखी गई है। 31 जनवरी को 19 केंद्रों पर 4391 और एक फरवरी को 70 केंद्रों पर 7240 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। डॉ. चौहान ने कहा कि परीक्षा का स्वरूप तार्किक क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच, विषयगत समझ और भारतीय ज्ञान परंपरा पर केंद्रित है। इस परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से विज्ञान, सामाजिक विज्ञान एवं कला क्षेत्रों की समझ का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रांत के परीक्षा नोडल डॉ. गौरव वार्ष्णेय ने कहा कि केंद्र निर्धारण, प्रश्न-पत्र वितरण, परीक्षा संचालन, मूल्यांकन एवं परिणाम संकलन की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, तर्कसंगत एवं ज्ञान-केंद्रित है, जो भारतीय बौद्धिक परंपरा की समग्रता को प्रतिबिंबित करती है। पुस्तक नोडल अनिल सिंह तोमर ने बताया कि राज्य के जिन शिक्षण संस्थानों में परीक्षार्थियों की संख्या 200 से अधिक है, उन सभी संस्थानों को 21 पुस्तकों का सेट निशुल्क भेजा गया है। साथ ही, जिन संस्थानों में छात्र संख्या कम है, ऐसे 25 शिक्षण संस्थानों में आईकेएस पुस्तकों का वितरण किया गया है। टीम में प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. राखी पंचोला, सह मंत्री डॉ. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. वैभव सारस्वत, निशांत थपलियाल, डॉ. निशु भाटी आदि शामिल हैं।