ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
जिम कार्बेट टाइगर रिजर्व में सफारी के लिए कोटद्वार से रास्ता खोले जाने पर टूर एंड ट्रैवल एसोसिएशन, मैक्सी-टैक्सी महासंघ ने वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत का आभार जताया है। एसोसिएशन के संरक्षक संजय चोपड़ा का कहना है कि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के इस फैसले से पर्यटकों को आसानी होगी। साथ ही सैकड़ों सफारी संचालकों को भी रेाजगार के नए अवसर मिलेंगे। इसके अलावा पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से रोजगार के अवसर पैदा होंगे। वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत सोमवार को हरिद्वार पहुंचे थे जहां तमाम संगठनों के पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। वन मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि पाखरो ईको टूरिज्म जोन को मंजूरी दिए जाने के बाद अब पर्यटक कोटद्वार के रास्ते जिम कार्बेट जा सकेंगे। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की इस पहल से क्षेत्र के लोगाें के लिए रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।