डिजिटल जागरूकता फैलाएं बच्चे : डीएम
देहरादून/अमर उजाला ब्यूरो
जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल का है। छात्र-छात्राओं को चाहिए कि वे खुद के साथ ही अभिभावकों और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। डीएम बृहस्पतिवार को राजपुर रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में अग्रणी विकास समिति तथा एसबीआई की ओर से ‘डिजिटल बैंकिंग जागरूकता और कंप्टीशन’ विषय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। जिलाधिकारी ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। डिजिटल जागरूकता के जरिये देश को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बच्चों से अपने अंदर सकारात्मक सोच विकसित करने की बात कही। इस दौरान स्कूली बच्चों ने खस्ताहाल शौचालय को दुरुस्त कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जल्द उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्य प्रेमलता बौड़ाई, एसबीआई के उप प्रबंधक एसके मुखर्जी, अग्रणी विकास समिति के अध्यक्ष अवनीश मलासी आदि मौजूद रहे।