ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने रविवार को दून-दिल्ली हाईवे पर मां डाट काली मंदिर के पास निर्माणाधीन टनल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कहा कि जून तक हर हाल में टनल का निर्माण पूरा कर वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया जाए। सुरंग चालू होने से लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। इस दौरान मंदिर के महंत रमन गोस्वामी ने सांसद निशंक से अनुरोध किया कि उत्तराखंड से जाने वाले वाहनों को पुरानी सुरंग से भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि लोग मंदिर में दर्शन कर सकें। वहीं, देहरादून आने वाले वाहनों को नई टनल से भेजा जाए। इससे जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने आश्वासन दिया कि भक्तों की भावनाओं और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। उनके साथ सांसद प्रतिनिधि महेश पांडे भी मौजूद थे।