साइबर ठगों ने एसी के पुर्जे भेजने का झांसा देकर एक कारोबारी से 1.18 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
राम सिंह निवासी धामावाला ने कुछ दिन पहले इंडिया मार्ट पोर्टल पर एसी के पुर्जे की सप्लाई करने वालों का नंबर खोजा था। वह दुर्गा मंदिर धामावाला के पास एसी और फ्रिज रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। वहां खरीदारी के लिए डिटेल डाली तो सात जुलाई को एक कॉल आई। उसने खुद को एसी पुर्जे का सप्लायर बताया। साथ ही मनीष रेफ्रिजेशन, पता राधा अपार्टमेंट, भावनगर, गुजरात का कार्ड भेजा। पीड़ित को भरोसा हो गया तो उन्होंने अपनी डिमांड बताई।
उसने सामान भेजने का झांसा देकर कोटेशन भेजी तो पीड़ित ने हामी भर दी। इसके बाद आरोपी ने डील कर एडवांस और अलग-अलग भुगतान के नाम पर 1.18 लाख रुपये अपने ई-वॉलट और बैंक खाते में जमा करवा लिए। इसके बाद भी पीड़ित को सामान नहीं मिला। साइबर थाने में तहरीर दी तो उसे कोतवाली भेजा गया। शहर कोतवाल विद्याभूषण नेगी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।