बीएसएनएल सिम की केवाईसी कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.11 लाख रुपये ठग लिए। पृथ्वी पाल सिंह निवासी बद्रीपुर की शिकायत पर साइबर थाने ने जांच की और नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पृथ्वीपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि गत एक मार्च को एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बीएसएनएल का अधिकारी बताया था। उसने कहा कि उनके सिम की केवाईसी अपडेट नहीं है। इसके लिए उसने बातों बातों में कैनरा और एसबीआई के खाते की जानकारी हासिल कर ली। कुछ देर बाद उनके खाते से 50 हजार और 61 हजार रुपये की दो ट्रांजेक्शन हो गई। कुल मिलाकर उनके खाते से 1.11 लाख रुपये ठग लिए गए। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी प्रदीप चौहान ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मा.सि.रि.