चकराता/त्यूनी। जौनसार के लेबरा गांव में करीब दर्जनभर लोग डायरिया की चपेट में हैं। जिनमें से चार की हालत बिगड़ने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों ने गांव में मेडिकल टीम भेजने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार देर रात फागो देवी (45), जोयशो (30), काशिया (15), सुमित्रा देवी (30) की हालत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी चकराता में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। गांव में आठ लोग बीमार पड़े हैं। जिससे ग्रामीण डरे हुए हैं। प्रधान कुंवर सिंह ने बताया कि पिछले तीन चार दिन से गांव में बीमारी का प्रकोप फैला हुआ है। ग्रामीणों को उल्टी-दस्त के बाद तेज बुखार आ रहा है। सीएमओ डा. गुरुपाल सिंह ने कहा कि सीएचसी प्रभारी चकराता के नेतृत्व में गांव में टीम भेजी जाएगी।