देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल से अलग हुए धड़ों ने राज्य की ज्वलंत समस्याओं को लेकर शहीद स्थल पर धरना दिया।
बुधवार को जनतांत्रिक उत्तराखंड क्रांति दल, उत्तराखंड क्रांति दल (एकता) और उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) की तरफ से कचहरी स्थित शहीद स्थल पर धरना दिया गया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि सरकार के कुछ फैसलों से जनता आहत हुई है। धरने के बाद सीएम को प्रेषित ज्ञापन में भराड़ीसैण में विधानसभा भवन का शिलान्यास करने, देहरादून में नए विधानसभा भवन पर रोक, संविधान के अनुसार मूल निवास का निर्धारण करने, आधी अधूरी परियोजनाओं पर काम शुरू करने और गंगा पर सिर्फ लघु और मध्यम जल विद्युत परियोजनाओं पर ठोस नीति बनाने की मांग की गई। इस अवसर पर बीडी रतूड़ी, डीके पाल, सुनील कुकरेती, एनके गुसाईं आदि मौजूद थे।