देहरादून। विधायक राजकुमार ने बकरालवाला में सीसी सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्हें क्षेत्रवासियों का विरोध भी झेलना पड़ा।
रविवार को विधायक राजकुमार जब निर्माण कार्य का शुभारंभ कर रहे थे, उसी दौरान लोगों ने क्षेत्र की दूसरी सड़कों को ठीक करने की मांग उठा दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र विशेष में काम करने की बजाय पूरे क्षेत्र की सड़कों को ठीक किया जाना चाहिए। लोगों के विरोध के कारण कुछ देर तक कार्यक्रम रुका रहा। विधायक ने लोगों को बताया कि सभी सड़कों के लिए नगर निगम में टेंडर हो गए हैं। सिर्फ तारकोल मंगाया जाना बाकी है। उन्होंने फोन पर एमएनए अशोक कुमार से भी वार्ता की। एमएनए अशोक कुमार ने बताया कि तारकोल के लिए सोमवार को ड्राफ्ट भेज दिया जाएगा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में पांच लाख रुपये की लागत से सड़कों को ठीक करने का काम शुरू हो गया है। शीघ्र ही सभी सड़कों पर काम शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर पार्षद डा. बिजेंद्रपाल सिंह, सूरज सिंह, हैरिंग, एसके आहुजा आदि मौजूद थे।