जिला अस्पताल में भर्ती घायल शिवपाल व उसकी बहन मुन्नीदेवी।
- फोटो : amarujala
चित्रकूट। रास्ते की जमीन पर गेट लगाने का विरोध करने पर जिला पंचायत सदस्य ने आधा दर्जन असलहाधारी व लठैतों के साथ पड़ोसी के घर में धावा बोल दिया। विरोध करने वाले दंपति समेत उसके पुत्र बहू व बहन को जमकर पीटा। इसके बाद पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में इलाज कराया और जिला पंचायत सदस्य समेत चार के खिलाफ नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मऊ कस्बा निवासी 75 वर्षीय शिवपाल निषाद पुत्र बुद्दी ने बताया कि कई सालों से उनके पुरवा का रास्ता है। जिसका सार्वजनिक प्रयोग होता है। कुछ दिन पूर्व स्थानीय निवासी जिला पंचायत सदस्य अभिषेक निषाद ने रास्ता बंद कर दिया है। जिसकी शिकायत करने थाने गया तो उसे भगा दिया गया था। आरोपी जिला पंचायत सदस्य ने रास्ते पर गेट लगा लिया है जिससे उन सबका आवागमन बंद हो गया है। इसके लिए उन्होंने अदालत के जरिए आरोपी जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की याचिका डाली थी।
वृद्ध ने आरोप लगाया कि इसी बात से नाराज जिला पंचायत सदस्य अभिषेक निषाद शनिवार की रात को आधा दर्जन लोगों के साथ असलहे, कटार व लाठी लेकर उनके घर पहुंचा। जबरन दरवाजा खुलवाकर गालीगलौज कर परिजनों की पिटाई शुरू कर दी। जिसमें वृद्ध के अलावा उनकी पत्नी शांतिदेवी, पुत्र कौशल, बहू पट्टूदेवी, बहन मुन्नीदेवी व नाती अमन कुमार को पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। परिजनों ने थाने जाकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाध्यक्ष संतशरण ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य अभिषेक निषाद, उसके पिता हरीदास, सरकारी कर्मचारी त्रियुगीनारायण, लल्ला समेत तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायलों को मऊ अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें शिवपाल व मुन्नी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ा जाएगा।