खेत में गेहूं की बालियां बटोर रही महिला की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। परिजनों ने खेत मालिक पर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने खेत मालिक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या और लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फिलहाल पकड़ा नहीं गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जौरही गांव में शुक्रवार को शाम तिजिया (45) पत्नी रघुवर प्रजापति खेत में गेहूं की बालियां बटोर रही थी। इसी दौरान खेत मालिक श्यामबाबू भूसा भरने को खुद ट्रैक्टर लेकर खेत आया। तिजिया ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। उसकी वहीं मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
शनिवार को पोस्टमार्टम हुआ। मृतका के पुत्र मनोज ने थाने में दी तहरीर में खेत मालिक पर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप लगाया है। पुत्र ने कहा कि पिता दिव्यांग है। मां बटाई पर खेती करती थी। एसओ पंकज तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या और लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।