खेत पर घास काटने गए ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर दिया। बचने की कोशिश में ग्रामीण घास काटने को साथ लाई दराती से बाघ पर वार करने के साथ जोर-जोर से चीखने चिल्लाने लगा। बाघ के पीछे हटने पर वह चीखता खेत से सड़क तक पहुंचा। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी तब तक उसके पास पहुंच चुके थे। उन लोगों ने निजी वाहन से घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अलीगंज निवासी 35 वर्षीय रामप्रकाश पुत्र डोरीलाल खेती करते हैं। शनिवार दोपहर को वह पड़ोस के गांव बिहारीपुर निवासी गुरदेव सिंह के खेत में घास काटने गए थे। यहां से महोफ रेंज का जंगल करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। खेत पर घास काटते वक्त अचानक गन्ने के खेत से निकले बाघ ने उस पर हमला बोल दिया। राम प्रकाश ने खुद के बचाव के लिए हाथ में थमी दराती से उस पर वार किया और चिल्लाने लगा। बाघ के पीछे हटते ही रामप्रकाश आबादी की ओर शोर मचाते हुए दौड़ लगा दी। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी शोर मचाते हुए रामप्रकाश की ओर दौड़े। यह देख बाघ पुन: गन्ने में जाकर छिप गया। लहूलुहान हालत में रामप्रकाश को ग्रामीण गुरदेव सिंह की जीप से इलाज के लिए न्यूरिया सीएचसी ले गए। यहां प्राथमिक इलाज के बाद रामप्रकाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुछ ही देर में सूचना गांव में फैल गई। जिससे परिवारीजन व ग्रामीण जमा हो षगए। सूचना मिलने पर पहले पुलिस और उसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। महोफ रेंजर दिलीप सिंह, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीम ने घायल के स्वास्थ्य की जानकारी करने के साथ ही मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। उधर ग्रामीणों में लगातार हो रहे बाघ के हमलों को लेकर दहशत बनी हुई है।