खरेला (महोबा)। थाना खरेला के ग्राम जरौली में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर 40 हजार की नगदी समेत करीब ढाई लाख रुपये कीमत का माल चोरी कर लिया। घटना के समय पीड़ित गृहस्वामी परिवार समेत रिश्तेदारी में गया था। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी है। चोरी की इस बड़ी वारदात से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्राम जरौली निवासी पूरन सिंह पुत्र श्री स्व0 कल्लू राजपूत खेती किसानी का काम करता है। गुरुवार को वह परिजनों के साथ अपनी रिश्तेदारी में गया था। घर में नाती, नातिन सुशीला और बहू थी। जो रात के समय सड़क किनारे बने दूसरे मकान में चली गई। गांव के अंदर बने मकान में ताला लगा था। तभी रात के समय चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अटैची और बख्शों में रखी 40 हजार की नगदी, करीब पांच तोला सोना और एक किलोग्राम चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान चोरी कर ले गए।
शुक्रवार की सुबह जब पूरन सिंह रिश्तेदारी से घर लौटा तो ताले टूटे और सामान बिखरा देख उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का बरीकी से मुआयना किया। पीड़ित ने चोरी गए सामान की सूची पुलिस को सौंपी है। उधर थाना प्रभारी वीके सिंह का कहना है कि चोरी की घटना संदिग्ध है। बताया कि पीड़ित का बेटा नैनी जेल में सजा काट रहा है। गांव के बाहर बने मकान में परिवार के साथ रहते है। गांव के अंदर के मकान में मवेशी रहते थे। जहां कृषक सोता था। मामले की जांच कराई जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।