फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिश्तेदार ने ही बेचने के लिए अगवा किए थे तीनों बच्चे, दिल्ली में पकड़े

विज्ञापन
विज्ञापन
इज्जतनगर के पीर बहोड़ा गांव से तीन बच्चों को उनके पिता के मौसेरा भाई ने ही बेचने के लिए अगवा किया था। दिल्ली पहुंचने के बाद एक बच्चे को तो बिकने के लिए महिला मध्यस्थ को सौंपा भी जा चुका था। बाकी दो बच्चों को भी बेचने की प्लानिंग थी। इसी बीच पुलिस ने वहां पहुंचकर बच्चों को अगवा करने वाले रिश्तेदार, उसकी प्रेमिका, मध्यस्थ महिला और उसकी मां को धर दबोचा और बच्चों को सकुशल छुड़ा लिया। 
विज्ञापन

इज्जतनगर के पीर बहोड़ा निवासी पेशे से मजदूर मोहित खान के घर बुधवार को उनका मौसेरा भाई वजीरगंज (बदायूं) थाना क्षेत्र के गांव हथरा सैदपुर निवासी शहादत आया था। बृहस्पतिवार सुबह शहादत मॉल घुमाने के बहाने मोहित के तीन बच्चों रहमिन (8), जोया (4) और चार महीने के मुकमिस को ले गया। काफी देर तक न लौटने पर घर में हंगामा हो गया। दोपहर में शहादत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जब शहादत के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उसने कहा कि बच्चों को बिलारी में रिश्तेदारी में छोड़ दिया है। मगर जब पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैस की तो वह दिल्ली में मिली। वहां जाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो सारा मामला खुल गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसआई राजीव वर्मा, सिपाही आशीष तोमर, लक्ष्मण और पूनम शामिल हैं। 
एक बच्चे का तो हो गया था सौदा
बरेली से बच्चे लेकर शहादत दिल्ली में थाना अमर विहार की अगननगर कॉलोनी स्थित अपने कमरे पर गया। रहमिन और जोया को वहीं छोड़कर रात में ही चार महीने के मुकमिस को पास में ही रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड रुखसाना को सौंप दिया। रुखसाना ने भी रात में ही मुकमिस को पंजाबी बाग की जेजे कॉलोनी निवासी निक्की और उसकी मां सीमांती को सौंप दिया। निक्की दिल्ली के आईवीएफ सेंटर में काम करती है। वहां आने वाले एक दंपति की चार बार आईवीएफ फेल हो चुकी थी। निक्की ने उन लोगों से बच्चे का सौदा कर लिया था। निक्की को उम्मीद थी कि उसे दंपति से मोटा पैसा मिलेगा, इसलिए उसने शहादत और रुखसाना के साथ मिलकर प्लान तैयार किया था।  
विज्ञापन


मोहब्बत में बना बच्चा तस्कर
रुखसाना और निक्की में पुराना परिचय था इसलिए निक्की ने रुखसाना से कोई बच्चा दिलाने की बात कही थी और बदले में मोटा पैसा दिलाने का लालच दिया था। रुखसाना और शहादत दिल्ली में कयूम की जींस फैक्ट्री में काम करते थे। इसके चलते रुखसाना ने शहादत को यह बात बताई और उसके बाद पूरी प्लानिंग करके ही वह बरेली पहुंचा था।
 
वर्जन
बच्चों को बेचने की तैयारी थी, उससे पहले ही चारों आरोपियों को दबोच लिया गया है। तीनों बच्चे सकुशल मुक्त कराकर घरवालों को सौंप दिए गए हैं। महिला आरोपियों को महिला थाने में रखा है। शनिवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन

- कमरुल हसन, इंस्पेक्टर इज्जतनगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें