गुरुवार को शाम के समय कोतवाली अंतर्गत तालबेहट पूराकलां मार्ग पर टकटकी के पास तेज गति से जा रही बाइक की टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत हो गई।
कसबा बांसी निवासी होमगार्ड वीरेंद्र पुत्र रामदास सेन की ड्यूटी गुरुवार को थाना पूराकलां में थी। सायंकाल सात बजे के लगभग वह अपनी बाइक से पूराकलां जा रहा था। इसी बीच टकटकी और सुनौरी के मध्य वह बाइक से उतर कर सड़क के किनारे लघुशंका करने लगा। इसके बाद वह जैसे ही सड़क पर आया तभी पूराकलां की ओर से तेज गति से आ रही बाइक क्रमांक यूपी - 94 एम- 2319 ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चालक झग्डू पुत्र मुन्ना ढीमर ग्राम चुरावनी भी चोटिल हो गया। दोनों को सीएचसी तालबेहट लाया गया। वहां वीरेंद्र की गंभीर हालत देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। झांसी जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। जानकारी के बाद मृतक के परिजन तालबेहट आए। मृतक के पुत्र सुनील के शिकायती पत्र पर बाइक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया।