मनमर्जी से ब्याह रचाने के तीन साल बाद घर पहुंचे दंपति की परिजनों ने धुनाई कर दी और बहू को अपनाने से इनकार कर दिया। घायल दंपति कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। काफी प्रयास के बाद भी युवक के परिजन उसे अपनाने को तैयार नहीं हुए। इस पर वह अपनी पत्नी को लेकर वापस दिल्ली चला गया।
शहर के मोहल्ला बैजूरामपुर निवासी राजाराम का बेटा निखिल (23) तीन साल पहले दिल्ली गया था। वहां वह किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगा। इस दौरान उसका दिल्ली के बेगमपुर निवासी असलम की बेटी सितारा (21) के साथ प्रेमसंबंध हो गए और दोनों ने कोर्टमैरिज कर ली।
निखिल ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह पत्नी सितारा के साथ अपने घर पहुंचा और परिजनों को शादी के बारे में जानकारी दी। इससे उसकी मां सरस्वती बौखला गईं और उन्होंने सितारा की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पर अन्य परिजनों ने उसे भी पीट दिया।
उसने बताया कि उसकी ञमां ने सितारा को अपनाने से इनकार कर दिया और घर से निकाल दिया। इस पर दोनों लोग कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। काफी समझाने के बाद भी उसकी मां तैयार नहीं हुई। निखिल के मुताबिक उसका ढाई साल का एक बेटा विवेक भी है। बात न बनने से पति-पत्नी वापस दिल्ली लौट गए।