एक प्राइमरी स्कूल के शिक्षक अपनी महिला मित्र के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। सूचना पर घर पहुंची पत्नी ने मायके वालों की मदद से पति को रंगे हाथों दबोचा और दोनों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया। सूचना पर पुलिस उन्हें कोतवाली ले आई। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।
जसपुर निवासी एक शिक्षक ने मुरादाबाद रोड पर आकांक्षा मार्बल के पास छह वर्ष पूर्व मकान बनाया था। वह अपने परिजनों के साथ यहां रहता है। उनका एक मकान जसपुर में भी है। उक्त शिक्षक गूलरभोज स्थित एक प्राइमरी स्कूल में पदस्थ है। पराई महिलाओं के संपर्क में रहने से उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद रहता है। इसी विवाद के चलते एक पखवाड़े पूर्व पति-पत्नी के बीच मारपीट हुई।
पत्नी बच्चों को लेकर अपने मायके ठाकुरद्वारा चली गई। इस दौरान शिक्षक अपनी महिला मित्रों को घर लाने लगा। बृहस्पतिवार को भी उसे एक अजनबी महिला के साथ अपने घर में घुसते देखा गया। पड़ोस में से किसी ने इस बात की सूचना उसकी पत्नी को दे दी। शुक्रवार सुबह होने से पहले पिता और भाइयों को लेकर पत्नी ने घर में धावा बोल दिया और आपत्तिजनक स्थिति में धर दबोचा।
परिजनों की मौजूदगी में पत्नी ने दोनों को खूब पीटा। इस दौरान शोर सुनकर कालोनी में तमाशबीनों का जमावड़ा लग गया। काफी पीटने के बाद पत्नी ने दोनों को कमरे में बंद कर दिया और पुलिस बुला ली। बांसफोड़ान चौकी पुलिस उन्हें कोतवाली ले आई। पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी है। वहीं आरोपी पति भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात कहकर पत्नी व उसके परिजनों के सामने गिड़गिड़ाता रहा। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।
हलवाई ने कर दी पत्नी की धुनाई
शराब पीने का विरोध करने पर हलवाई ने पत्नी को पीट दिया। ससुरालियों की शिकायत पर पुलिस आरोपी को रंपुरा चौकी ले आई।
रम्पुरा निवासी एक व्यक्ति मिठाई की दुकान में हलवाई है। बृहस्पतिवार रात वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा और शराब पीने का विरोध करने पर उसने पत्नी को पीट दिया। घटना का पता चलने पर ससुरालियों ने आरोपी के खिलाफ रम्पुरा पुलिस चौकी में मामले की मौखिक शिकायत की। इस पर शुक्रवार सुबह पुलिस आरोपी हलवाई को पकड़कर चौकी ले आई। ससुरालियों ने बताया कि उनकी बेटी का विवाह एक साल पहले हुआ है। उसका डेढ़ माह का पुत्र है। पति के आए दिन शराब पीकर आने से परिवार की गुजर बसर में दिक्कतें आ रही हैं। चौकी के दरोगा एमएस देव ने कहा कि दंपति के बीच का आपसी मामला है। दोनों को समझाने के साथ ही चेतावनी भी दी गई है।