लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने पर केस दर्ज
दोराहा पुलिस ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने के आरोप में अब्दुल्ला नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पीड़ित हरवीर सिंह की शिकायत पर की गई। शिकायत में हरवीर सिंह ने बताया कि वह अपने दोस्त जसप्रीत के साथ बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर चलते हुए अब्दुल्ला ने अचानक बिना किसी इशारे के ट्रैक्टर-ट्रॉली को मोड़ दिया। एकदम मुड़ने से बाइक ट्रॉली से टकरा गई और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में हरवीर और उसका दोस्त जसप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
नशा करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया
सिटी थाना पुलिस ने नशा करने के आरोप में एक युवक मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संदिग्ध हालत में मिला, जिसके बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। डोप टेस्ट की रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि उसने नशा किया हुआ था। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।