पंडरी गांव में माहौल बिगाड़ने के लिए असामाजिक तत्वों ने खुराफात की। पार्क में लगी अंबेडकर की मूर्ति पर कालिख पोत दी। जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों से जानकारी जुटवाई और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना क्षेत्र के पंडरी गांव में रवि बुद्ध स्मारक परिसर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगी है। सोमवार रात गांव की फिजा बिगाड़ने की कोशिश करते हुए बाबा साहेब की मूर्ति पर कालिख पोत दी गई। मंगलवार सुबह पार्क पहुंचे ग्रामीणों ने मूर्ति देखी तो कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। घटना पर नाराजगी जताते हुए सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करने के साथ ही आरोपी पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने प्रतिमा पर लगाई गई कोलतार की कालिख को हटवाया। जिसके बाद गांव के ही रवि गौतम, ख्यालिराम, मुनेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार और मुरारीलाल ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी। सीओ सदर निशांक शर्मा ने बताया कि मौके पर जाकर स्थिति की जानकारी की गई है। गांव में हालात पूरी तरह से सामान्य है। गांव के ही प्रमोद कुमार गौतम से मिली तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शरारत करने वाले का पता लगाने को थाना पुलिस छानबीन कर रही है।