जटहां बाजार। मनिकौरा गांव में हो रहे बालू खनन की सूचना पर मंगलवार की देर रात सीओ सदर ने छापेमारी की। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। पुलिस ने बालू लदी एक डीसीएम और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से पकड़कर कोतवाली भेजा। सीओ की कार्रवाई से बालू माफियाओं में खलबली मची हुई है। बुधवार को पकड़े गए दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मनिकौरा और त्रिलोकपुर बुजुर्ग गांव में पिछले कई महीनों से अवैध बालू खनन खेतों से किया जा रहा था। शाम होते ही डीसीएम और दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली बालू के लिए पहुंच जाती थी। पूरी रात जेसीबी से बालू की निकासी कर डीसीएम और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से बाहर भेजने का कार्य होता है। बार-बार मिल रही सूचना पर मंगलवार की देर रात करीब एक बजे सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह खुद मनिकौरा गांव पहुंचे। सीओ के पहुंचने पर बालू खनन का कार्य चल रहा था। पुलिस की गाड़ी देख अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। माफिया कई गाड़ियों को लेकर भाग खड़े हुए। मौके से बालू लदी एक डीसीएम और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीओ ने पकड़ लिया। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज कर दिया। सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया की लगातार उस गांव से बालू खनन की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर मंगलवार की देर रात में कार्रवाई की गई है।