पत्नी की सुसाइड मामले में गिरफ्तार नेशनल कबड्डी चैंपियन रोहित छिल्लर को जेल से कोर्ट आने जाने के लिये अलग वाहन मुहैया करवाने का निर्देश कोर्ट ने दिया है।
नेशनल कबड्डी खिलाड़ी रोहित छिल्लर ने अपनी सुरक्षा के मद्देनजर अलग जेल वैन मुहैया करवाने का आग्रह कोर्ट से किया था। तीस हजारी स्थित महानगर दंडाधिकारी मनोज कुमार ने रोहित छिल्लर की सुरक्षा चाक चौबंद करने व उसे कोर्ट लाने ले जाने के लिये अलग वाहन की व्यवस्था करने का निर्देश तिहाड़ जेल प्रशासन को दिया है।
यह निर्देश कोर्ट ने जेल प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर दिया है। तिहाड़ जेल नंबर तीन के उपाधीक्षक ने अपनी रिपोर्ट पेश कर कहा कि रोहित छिल्लर को उसकी सुरक्षा के मद्देनजर अलग वाहन मुहैया करवाया जा सकता है। कोर्ट ने रोहित छिल्लर की अर्जी पर जेल प्रशासन से जवाब मांगा था।