कप्तानगंज थाने के राजाजोत कला गांव में जगंली सूअर के हमले में घायल एक बुजुर्ग की मौत हो गई। राजाजोत कला गांव निवासी सुभाषचन्द्र पांडेय के चाचा 65 वर्षीय महेश दत्त पाण्डेय सोमवार सुबह छह बजे गांव के सिवान में गये थे।
वापस आते समय जंगली सूअर ने उन पर हमला बोल दिया। उनकी चीख पुकार सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचते सूअर ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गंभीर हालत में उन्हें परिवार के लोग पहले सीएचसी कप्तानगंज ले गये।
हालत नाजुक होने के कारण डाक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के बाद जब उनकी हालत कोई सुधार नहीं हुआ तो डाक्टर ने उन्हें मेडिकल कालेज लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय चिनहट के पास उनकी मौत हो गयी।