पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पास रविवार को एनआरआई गगनदीप सिंह बेदी ने एग्जाम होने की बात कहकर बलटाना स्थित होटल में कमरा लिया था। गगनदीप 23 जुलाई की सुबह करीब 11.50 बजे होटल में हत्यारोपी संदीप की बहन और उसकी रिश्तेदार युवती समेत कार में सवार होकर पहुंचा था। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीनों एक साथ आते दिखाई दिए हैं।
गगनदीप ने होटल प्रबंधन को बताया कि उनकी कोई परीक्षा है, इसी कारण वे होटल में कमरा लेना चाहते हैं। कमरा लेने के लिए होटल प्रबंधन ने अपने रजिस्टर में उनकी एंट्री की। पहचान पत्र के तौर पर गगनदीप ने अपने आधार कार्ड की फोटो कॉपी होटल में जमा करवाई। हत्यारोपी संदीप की रिश्तेदार युवती ने अपना वोटर कार्ड जमा करवाया। सीसीटीवी फुटेज में उस दौरान दोनों युवतियां होटल में रखे सोफे पर बैठी नजर आ रही हैं।
होटल के रिसेप्शन स्टाफ को गगनदीप ने दोनों युवतियों की पहचान उसकी बहनों के रूप में बताई थी। फिर युवतियों को कमरे में छोड़ने के बाद गगनदीप होटल से निकल गया था। फिर देर शाम दोबारा होटल पहुंचा और सीधा कमरे में चला गया। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने होटल प्रबंधन से उक्त तारीख की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेने सहित अन्य संबंधित रिकॉर्ड भी जुटा लिया है।