सिरसा के मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने कोरियर वाले से छीना झपटी कर दी। आरोपी उसका बैग छीनकर वहां से फरार हो गए। जिसमें पीड़ित का मोबाइल व सात हजार की नकदी थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस को दी शिकायत में भूपेंद्र सिंह पुत्र मोती लाल निवासी गांव कालांवाली ने बताया कि वह एमाजोन कंपनी में डिलीवरी बाय का काम करता हैं। उसने बताया कि रविवार को वह कालांवाली से रोड़ी के क्षेत्र में कोरियर डिलीवरी करने के लिए अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर गया था। इसी दौरान गांव रोड़ी व फग्गू में कोरियर डिलीवरी करके वह वापस कालांवाली जा रहा था । उसका मोबाइल और सात हजार की नकदी उसके बैग में ही थी।
जब वह गांव फग्गू से आगे नहर पर पहुंचा तो दोपहर करीब तीन बजे पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो लड़के आए। जिन्होंने अपना मुंह कपड़े से ढांप रखा था। दोनों युवकों न उसे रोक लिया और सही कोरियर न दिए जाने की बात कह वापस गांव फग्गू में साथ चलने के लिए कहा। उसने उनसे कहा कि वह सही कोरियर देकर आया है।
तभी एक लड़का उसके मोटरसाइकिल पर पीछे आकर बैठ गया और गांव की तरफ चलने के लिए जबरदस्ती करने लगा। उक्त युवक ने उससे मोटरसाइकिल छीन लिया और खुद मोटरसाइकिल चलाने लगा। तभी उक्त युवक ने मोटरसाइकिल को पटरी के साथ-साथ कच्चे रास्ते की तरफ मोड़ लिया और दूसरा युवक उनके पीछे मोटरसाइकिल पर आ रहा था। इसके कारण वह घबरा गया और चलते मोटरसाइकिल से उसने छलांग लगा दी। तभी पीछे से आ रहे युवक ने उसका बैग झपट लिया और उसका मोटरसाइकिल छोड़कर वहां से फरार हो गए। ऐसे में उसने मामले की शिकायत अब पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है । पीड़ित ने बताया कि उसके बैग में मोबाइल और सात हजार की नकदी थी।