बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों ने लाइन मैन के झुलसने को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती।खौरहवा में नया ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान करंट लग जाने से चार कर्मियों के झुलसने के बाद विभाग के अभियंताओं और बिजली कर्मचारी संघ के साथ वार्ता हुई। वार्ता की जानकारी देते हुए संघ के अध्यक्ष अशर्फीलाल ने बताया कि जिस अवर अभियंता की चूक के चलते दुर्घटना हुई। उन्हें हटा दिया जाएगा और 30 जून के बाद किसी अनुभवी जेई की तैनाती होगी।
सेफ्टी प्रिकाशन का अक्षरश: पालन करने का आश्वासन दिया गया। प्रत्येक उप केंद्र पर पांच दिन में लाइन क्लियर यंत्र पहुंच जाएगा। उसी के आधार पर शट डाउन दिया जाएगा। सभी उप केंद्रों पर अर्थ चैन, हैंड ग्लोब, सेफ्टी बेल्ट और सीढ़ी उपलब्ध करा दी जाएगी। इस बात का भी निर्णय हुआ कि टेंडर के बाद एग्रीमेंट होते समय ही सभी संविदा कर्मियों का बीमा और ईपीएफ हो जाएगा।
श्रम विभाग में जब तक कर्मियों का पंजीकरण नहीं कराया जाता तब तक संविदा का कोई भी एग्रीमेंट नहीं किया जाएगा। बताया गया कि अगर इसका अनुपालन कोई ठेकेदार नहीं करेगा तो उसके विरुद्ध अनुशासत्मक कार्रवाई की जाएगी। वार्ता में मुख्य अभियंता, एक्सईएन प्रथम, वीरेंद्र पांडेय, शैलेश यादव, अशर्फीलाल, वीरेंद्र मिश्र, शैलेश पांडेय, सालिकराम, असलम, प्रेमप्रकाश वरुण, जगदंबा उपाध्याय, विजय चौधरी, रामजनम चौधरी सहित अन्य शामिल रहे।