ढाबे में आग लगने से वहां रखा सामान जल गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ढाबे में रखे तीन गैस सिलेंडरों को बाहर निकालकर आग का काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्टसर्किट माना जा रहा है।
रोडवेज स्टेशन के पास मुख्य मार्ग पर आदर्श इंदिरा बंगाली कॉलोनी निवासी राकेश विश्वास का ढाबा है। ढाबे के साथ ही वह जनरल स्टोर की दुकान भी चलाता है। प्रात: सात बजे जब दुकान नहीं खुली थी, कुछ लोगों ने ढाबे से धुआं उठता देखा और इसकी जानकारी पास ही मौजूद सीपीयू के जवानों को दी, जिस पर सीपीयू ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया।
सूचना पर तीन वाहनों के साथ पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ढाबे में रखा फ्रिज, फ्रिजर, काउंटर, फर्नीचर, जनरल स्टोर का सामान, राशन सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शॉर्टसर्किट माना जा रहा है। पीड़ित ने अग्निकांड में करीब एक लाख की क्षति होने की जानकारी दी है।
फट सकते थे गैस सिलेंडर
रोडवेज स्टैंड के पास ढाबे में आग लगने के दौरान जरा सी देरी भारी पड़ सकती थी। ढाबे में तीन भरे हुए गैस सिलेंडर रखे थे। दमकल कर्मी जब आग बुझाने पहुंचे तो उस वक्त उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि दुकान के भीतर सिलेंडर रखे हैं। इसी बीच ढाबा स्वामी जब आग लगने की सूचना मिलने पर वहां पहुंचा तो उसने बताया कि ढाबे में तीन गैस सिलेंडर हैं। इस पर दमकल कर्मियों ने आनन-फानन में आग के बीच से तीनों सिलेंडरों को बमुश्किल बाहर निकाला और आग को काबू किया।
आग लगने से दो झोपड़ी जलकर राख, दो बच्ची झुलसी
बाजपुर में आग लगने से दो झोपड़ियां जलकर राख हो गई। इस दौरान झोपड़ी में सो रही दो बच्ची मामूली रूप से झुलस गई। इनका एक अस्पताल में इलाज कराया गया। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर एक व्यक्ति आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। रविवार को देर रात बेरिया दौलत रोड गांव धनसारा पर मोड़ स्थित बृजलाल की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। झोपड़ी में सो रही उसकी पुत्रियां प्रिया, पूजा मामूली रूप से झुलस गई। झोपड़ी में रखी कुछ नकदी, कपड़े बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। बृजलाल ने कोतवाली में तहरीर दी है। एसएसआई कमलेश भट्ट ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।